गाजीपुर में पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, चार घायल, पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
शनिवार सुबह, पीड़ित राजकुमार की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें अजय उर्फ गुड्डू, मनोज राम, चंदन राम, संगीता देवी (पत्नी पप्पू राम) और आशा देवी (पत्नी अजय उर्फ गुड्डू राम) शामिल हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर में राजकुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे विपक्षी एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिए। इस हमले में राजकुमार (55), श्रीभगवान (58), तेज कुमार (32) और टिंकू कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। टिंकू के सिर में चोट लगने से 18 टांके लगे हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष के अजय राम ने आरोप लगाया है कि विपक्षी लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिए। उनका कहना है कि सभी लोग हत्या की नीयत से आए थे। इस मारपीट में अजय राम के सिर में चोट आई, जबकि मनोज (28), खुश्ब (20) और आशा (40) भी घायल हुई हैं।
थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण सीएचसी भदौरा में कराया गया है।
