गाजीपुर में दो हिस्सों में कटा मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में सोमवार को एक नवविवाहिता का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में कटा हुआ मिला। पुलिस ने होलीपुर गांव के पास से 25 वर्षीय बिंदु यादव का शव बरामद किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सैदपुर के हुसैनपुर गांव निवासी रामअधार यादव ने लगभग ढाई साल पहले अपनी बेटी बिंदु की शादी फुलवारी कला गांव निवासी महेंद्र यादव से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।
लगभग 10 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत भी हुई थी, जिसमें रिश्तेदार और समाज के लोग शामिल हुए थे। लेकिन इसके बावजूद पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हो सका। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह बिंदु घर से निकलकर ट्रेन के सामने लेट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रेन चालक ने भी स्टेशन मास्टर को सूचना देते हुए बताया कि युवती अचानक ट्रेन के सामने आ गई थी।
हालांकि, मृतका के मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि बिंदु की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।
आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज बिंदु के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति महेंद्र, सास-ससुर, जेठ और जेठानी समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका अपने पीछे डेढ़ वर्षीय बेटी मिस्टी को छोड़ गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।
