Today Breaking News

गाजीपुर गंगा घाट पर गंदगी का अंबार, नमामि गंगे योजना पर सवाल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कलेक्टर घाट पर निषाद राज जयंती समारोह की तैयारियां चल रही हैं। इस बीच, घाट पर गंदगी का अंबार स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी नमामि गंगे योजना के बावजूद, घाट की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घाट के दोनों ओर से शहर के नाले सीधे गंगा नदी में गिर रहे हैं, जिससे पानी प्रदूषित हो रहा है। हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के दावों के बावजूद, गाजीपुर के प्रमुख घाटों पर सफाई व्यवस्था बदहाल है।

इसी प्रदूषित माहौल के बीच निषाद राज जयंती मनाने की तैयारी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निषाद राज ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराया था। इस जयंती को लेकर स्थानीय लोगों में धार्मिक और सामाजिक उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम के आयोजक मिश्रीलाल निषाद ने बताया कि इस आयोजन में कई बड़े नेता शामिल होंगे। हालांकि, आयोजन स्थल की सफाई के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे आयोजकों और स्थानीय लोगों में चिंता है।


घाट पर टूटे-फूटे कूड़ेदान, बिखरा कचरा और चारों ओर फैली गंदगी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। एक ओर बड़े आयोजनों की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर मूलभूत स्वच्छता की अनदेखी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि ईद त्यौहार के चलते व्यस्तता थी, जिसके कारण सफाई नहीं हो पाई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यक्रम से पहले कल सुबह घाट को साफ करा दिया जाएगा।