Today Breaking News

गाजीपुर में तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। यह घटना 7 मार्च को हुई, जिसके बाद मृतका के बेटे ने दुल्लहपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर गांव निवासी दासी देवी (65) पत्नी स्वर्गीय विक्रम राम 7 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे दुल्लहपुर स्थित स्टेट बैंक से पैसे निकालने गई थीं। बैंक के सामने ही उन्हें एक तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी।

आरोप है कि भिखमपुर, थाना मरदह निवासी हरिओम तिवारी पुत्र प्रभा तिवारी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल (नं0 UP54 AM 1590) को तेज गति और लापरवाही से चला रहे थे। उन्होंने दासी देवी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजनों ने दासी देवी को एम्बुलेंस से इलाज के लिए मऊ स्थित के.सी. राय अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गई।

मृतका के बेटे दीपक राम ने 8 मार्च को दुल्लहपुर थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि दुर्घटना 7 मार्च को हुई थी, लेकिन महिला की मौत इलाज के दौरान 8 मार्च को हुई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 
 '