गाजीपुर में करंडा गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल बंदूक बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करंडा थाना क्षेत्र के चांडीपुर गांव में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक भी बरामद की है।
यह घटना रविवार सुबह हुई थी, जब गांव के ही एक युवक ने 55 वर्षीय आस मुहम्मद को गोली मार दी थी। इस वारदात में आस मुहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे होली के दिन हुआ पुराना विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष करंडा अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव के आगे गंगा नदी पुलिया पर चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी पिंकल पांडेय उर्फ अमन पांडेय को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पिंकल पांडेय (24 वर्ष) पुत्र अरविंद पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय, निवासी ग्राम चांडीपुर, थाना करंडा के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक बरामद की।
इस मामले में करंडा थाना में मु0अ0स0 32/2026 धारा 190, 191(2), 103(2), 352 बीएनएस और धारा-30 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
