गाजीपुर में 12 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां सर्किल अंतर्गत सुहवल थाना पुलिस ने आज रविवार को 12 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पारस पासी (65 वर्ष), निवासी सुजानपुर, गैर इरादतन हत्या और मानव वध के प्रयास के मामले में वांछित था। यह कार्रवाई एडीजे प्रथम कोर्ट के सख्त निर्देश पर की गई।
पुलिस ने पारस पासी को उसके घर के बगल स्थित खेत से घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इसके उपरांत, संबंधित धाराओं के तहत उसका चालान कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला लगभग 12 वर्ष पुराना है। बताया जाता है कि आरोपी ने अपने ही गांव के एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया था।
इस मामले की सुनवाई के दौरान गाजीपुर एडीजे प्रथम की अदालत ने आरोपी को कई बार पेश होने के लिए नोटिस जारी किए, लेकिन वह लगातार फरार रहा।
बार-बार नोटिस के बावजूद कोर्ट में हाजिर न होने पर अदालत ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में सुहवल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष भोलानाथ सरोज ने बताया कि गैर इरादतन हत्या और मानव वध के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ अदालत द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
