Today Breaking News

गाजीपुर में बच्चों के विवाद में लाठी-डंडों से हमला, तीन गंभीर घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में शनिवार को बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान रविप्रकाश (27), शशिप्रकाश (25) और शिवशंकर (55) के रूप में हुई है। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिवशंकर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

रविप्रकाश की पत्नी शिवानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के बच्चे गांव में खेल रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष के लोगों ने बच्चों के साथ मारपीट की। जब रविप्रकाश ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी दर्जनों की संख्या में लाठी-डंडे लेकर उन पर हमलावर हो गए।

शोर सुनकर रविप्रकाश के पिता शिवशंकर और भाई शशिप्रकाश भी बीच-बचाव करने पहुंचे। हमलावरों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 14 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
 
 '