Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रिपल मर्डर कांड में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई तहसील क्षेत्र की गहमर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त अमरजीत कुमार सिंह उर्फ बबुआ को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गहमर ट्रिपल मर्डर कांड से संबंधित है, जिसमें अमरजीत सिंह आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी जमानियां के कुशल निर्देशन में गहमर पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त अमरजीत कुमार सिंह उर्फ बबुआ (उम्र लगभग 28 वर्ष) पुत्र अनिल सिंह उर्फ पप्पू, निवासी ग्राम खेलू राय पट्टी, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर है।

अमरजीत कुमार सिंह थाना गहमर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 276/2025 से संबंधित 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त था। वह काफी समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया था।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना गहमर में मुकदमा संख्या 098/2018 धारा 147, 148, 323, 325, 504, 506 भादवि और थाना रेवतीपुर में मुकदमा संख्या 041/2022 धारा 3/7/25 आयुध अधिनियम व 307 भादवि के तहत मामले दर्ज हैं।

गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अमरजीत सिंह की गिरफ्तारी गहमर ट्रिपल मर्डर कांड में एक महत्वपूर्ण सफलता है। उन्होंने कहा कि अभियुक्त की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी कामयाबी मिली है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
 '