Today Breaking News

गाजीपुर एसपी ने खेली 'कुर्ता-फाड़' होली, कीचड़ में भोजपुरी गानों पर झूमे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस लाइन में इस बार होली का जश्न बेहद खास और अनोखे अंदाज़ में मनाया गया। इस आयोजन का नेतृत्व जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ.ईरज राजा ने किया। कार्यक्रम में अधिकारी और पुलिसकर्मी एक साथ पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए और पारंपरिक ‘कुर्ता-फाड़ होली’ खेलते नजर आए।
उत्साह इतना ज्यादा था कि पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे के कुर्ते फाड़ते हुए जमकर रंग और गुलाल उड़ाया। इसी दौरान एसपी ग्रामीण के भी कपड़े फट गए और उनके तन पर केवल जींस पैंट ही बची दिखाई दी। माहौल पूरी तरह मस्ती और अपनत्व से भरा रहा, जहां अधिकारी और जवान बिना किसी औपचारिकता के होली का आनंद लेते नजर आए।
कीचड़ की होली और भोजपुरी गानों पर थिरके पुलिसकर्मी होली के इस जश्न में पुलिसकर्मियों का एक अलग ही अंदाज़ देखने को मिला। रंग-गुलाल के साथ-साथ कीचड़ की होली भी जमकर खेली गई। डीजे पर बज रहे भोजपुरी गानों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। खासतौर पर लोकप्रिय भोजपुरी गीत “उपरा से डाल के चदरिया, लहरिया लूट ये राजा” पर पुलिसकर्मी जमकर थिरकते नजर आए। इसके अलावा मशहूर “नागिन” धुन बजते ही कई पुलिसकर्मी नागिन डांस करते दिखे, जिसने पूरे आयोजन में मनोरंजन और उत्साह का नया रंग भर दिया।
इस रंगारंग कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं रहीं। मरदह थाना की थानाध्यक्ष तारावती देवी के साथ महिला कांस्टेबलों ने भी पूरे जोश के साथ होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। 
पुलिस लाइन का पूरा परिसर रंगों, संगीत और हंसी-मजाक से सराबोर नजर आया। इस तरह पुलिस विभाग की यह होली न सिर्फ रंगों से भरपूर रही, बल्कि आपसी भाईचारे और उत्साह का भी शानदार उदाहरण बन गई।