Today Breaking News

गाजीपुर में एक पेटी देशी शराब बरामद, पुलिस ने तस्कर को दबोचा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली पुलिस ने रात एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसमें कुल 67 पाउच थे। आरोपी बिहार में शराब की तस्करी करने की फिराक में था।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया है।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और कांस्टेबल रामू कुशवाहा के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद शर्ट और नीले लोअर में नीले रंग के पिट्ठू बैग में बड़ी मात्रा में शराब लेकर भदौरा बाजार के नहर मार्ग से भदौरा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल भदौरा रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। वहां एक व्यक्ति नीले लोअर और सफेद शर्ट पहने, नीले पिट्ठू बैग के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबराकर तेजी से भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पकड़े गए व्यक्ति के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें से एक पेटी में 67 पाउच 'ब्लू लाइम देशी शराब मसाला' बरामद हुई। इसकी शुद्ध मात्रा 20000 मिलीलीटर और तीव्रता 36% v/v शीरा निर्मित थी।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शमशाद शाह (25) पुत्र जियाउद्दीन शाह, निवासी गांव कोटा, थाना कुछिला, जिला कैमूर, बिहार के रूप में बताई।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने पुष्टि की कि पकड़े गए शराब तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 
 '