गाजीपुर में ठगी के दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जमानत पर बाहर चल रहे दो आरोपितों पर गुरुवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। एसपी के निर्देश पर दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार जिन आरोपितों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें गहमर गांव निवासी युवती कृष्णा उपाध्याय और रोहतास जिले के धवंई गांव निवासी दीपू कुमार शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक करोड़ों रुपये की इस चर्चित ठगी के मामले में नगदीलपुर निवासी एवं बक्शू बाबा कोचिंग एकेडमी के संचालक विनोद गुप्ता पिछले करीब एक वर्ष से जेल में बंद हैं। जबकि कृष्णा उपाध्याय और दीपू कुमार सहित चार अन्य आरोपित जमानत पर बाहर हैं। इस पूरे मामले का पहला मुकदमा अक्टूबर 2024 में दर्ज हुआ था, जब नगदीलपुर निवासी विदेशी चौधरी ने नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 10 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए कोचिंग संचालक विनोद गुप्ता और उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
इसके बाद धीरे-धीरे कई और पीड़ित सामने आए और अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज होने लगे। अब तक करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिनमें लगभग 20 लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस के अनुसार इस ठगी गिरोह का मुख्य वांछित आरोपी बिहार निवासी नीतू श्रीवास्तव उर्फ आदित्य है, जो पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में जमानत पर बाहर चल रहे दो आरोपितों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
