गाजीपुर में 29 अप्रैल को कटरिया गांव आएंगे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवार से मिलेंगे; प्रोटोकॉल जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कटारिया गांव में कथित पत्थर कांड और निशा विश्वकर्मा की मौत के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल को कटारिया गांव पहुंचेंगे। उनके दौरे का आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी कर दिया गया है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दोपहर 1 बजे पीड़ित सियाराम विश्वकर्मा के परिवार से मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसके मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है।
गाजीपुर में इस दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। माना जा रहा है कि यह मामला आने वाले समय में और अधिक तूल पकड़ सकता है।
