गाजीपुर में महिलाओं ने SDO को कमरे में बंद किया, स्मार्ट मीटर को लेकर किया विरोध
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भीमापार में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने समझाने के लिए एसडीओ प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। गुस्साई महिलाओं ने एसडीओ प्रदीप सिंह से बात नहीं की। उन्होंने एसडीओ को कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया।
महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग उठाई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया और एसडीओ को कमरे से बाहर निकाला। पुलिस की मौजुदगी में प्रदर्शन करती महिलाओं ने एसडीओ को समस्या के समाधान के लिए तीन दिन की मोहलत दी। यह पूरा मामला भीमापार स्थित विद्युत उपकेंद्र का है।
गाजीपुर के भीमापार स्थित विद्युत उपकेंद्र पर इकराकुड़वा, उचौरी और अमीरहां गांव की दर्जनों महिलाएं पहुंची। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र पर स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर प्रदर्शन करना शुरू किया। प्रदर्शन में इकरा की सीमा देवी के नेतृत्व में राधिका देवी, रीमा, अनिता, सुनीता, अंजली, सावित्री, शीला, बसंती, मुनिया, चंदा, रत्ना, रूबी, लीलावती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने के लिए एसडीओ प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। गुस्साई महिलाओं ने एसडीओ को विद्युत उपकेंद्र के कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे कई दिनों से अपनी समस्या लेकर आ रही थीं। इसके बावजुद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
सीमा ने बताया, “मैं पिछले दो हफ्तों से अपनी समस्या लेकर आ रही हैं, लेकिन बात नहीं सुनी जा रही है। अधिकारियों द्वारा यह कहकर टाल दिया जा रहा है कि उनका इससे कोई संबंध नहीं है और गाजीपुर जाने को कहा जा रहा है। मीटर लगाते समय एक नंबर दिया गया था, लेकिन अब उस पर फोन करने पर कोई कॉल नहीं उठाता।”
वहीं, अनीता ने बताया, “मेरा पुराना बिजली बिल जमा हो चुका है, इसके बावजूद नया बिल असामान्य रूप से ज्यादा आ रहा है। बिल भुगतान के बाद भी घर में बिजली नहीं आ रही है। जहां पहले 250 से 400 रुपए तक बिल आता था, वहीं अब 4 से 5 हजार रुपए तक का बिल भेजा जा रहा है।”
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की कि उनके बिलों को सही किया जाए और तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाने की भी मांग उठाई। हंगामे की सूचना पर भीमापार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर ताला खुलवाया और एसडीओ को मुक्त कराया। बाद में सैदपुर से महिला पुलिस बल भी बुलाया गया।
एसडीओ प्रदीप सिंह ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि मीटर बदलना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, लेकिन बढ़े हुए बिल और आपूर्ति बाधित होने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। एसडीओ ने उपभोक्ताओं से प्रार्थना पत्र देने को कहा और आश्वासन दिया कि तीन दिन के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।

