गाजीपुर में DMU ट्रेन का इंजन फेल, हरिहरनाथ एक्सप्रेस से भेजे गए कई यात्री, 3 घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर-बलिया रेलमार्ग पर सोमवार को छपरा से औड़िहार जाने वाली अप 75101 सवारी गाड़ी का इंजन मुहम्मदाबाद क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद बलिया से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, अप 75101 सवारी गाड़ी पूर्वाह्न 11:36 बजे करीमुद्दीनपुर स्टेशन पहुंची थी। यहां से ट्रेन आगे बढ़ने ही वाली थी कि अचानक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इंजन फेल होने से ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रह गई और यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
इस दौरान वाराणसी की ओर जा रही हरिहरनाथ एक्सप्रेस को वैकल्पिक रूप से करीमुद्दीनपुर और यूसुफपुर स्टेशन पर रोका गया। स्टेशन अधीक्षक के अनुरोध पर कंट्रोल से अनुमति मिलने के बाद वाराणसी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को हरिहरनाथ एक्सप्रेस से रवाना किया गया।
करीब 2:30 बजे बलिया से दूसरा इंजन करीमुद्दीनपुर स्टेशन पहुंचा, जिसके बाद सवारी गाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।
यूसुफपुर स्टेशन अधीक्षक आलोक यादव ने बताया कि इंजन फेल होने के कारण छपरा-औड़िहार डीएमयू ट्रेन करीब तीन घंटे तक करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर खड़ी रही। दूसरा इंजन आने के बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ाया जा सका।
