Today Breaking News

गाजीपुर में मंत्री अनिल राजभ बोले- नोएडा प्रदर्शन के पीछे बड़ी साजिश, आतंकी एंगल से इनकार नहीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने नोएडा में हुए श्रमिक प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने इसे संभावित साजिश बताते हुए मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित सीएम रैली से जोड़कर भी आशंका जताई। अनिल राजभर ने नोएडा में हुए श्रमिक प्रदर्शन को एक बड़ी साजिश का हिस्सा बताया है। उन्होंने गाजीपुर में कहा कि यह घटना सामान्य नहीं है और इसके पीछे सुनियोजित रणनीति हो सकती है।
सोमवार देर शाम मऊ से वाराणसी जाते समय गाजीपुर में रुके मंत्री ने कहा कि इस घटना का उद्देश्य मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रैली को प्रभावित करना भी हो सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि इस मामले में आतंकी एंगल से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में श्रमिकों की अहम भूमिका है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी साजिश का हिस्सा न बनें और शांति बनाए रखें। महिला आरक्षण बिल को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। राजभर ने कहा कि “लड़कों से गलती हो जाती है” जैसी मानसिकता रखने वाले लोग आज महिला हित की बात कर रहे हैं, जो सवाल खड़े करता है।

उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह द्वारा चुनाव आयोग पर उठाए गए सवालों पर मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना विपक्ष की पुरानी आदत बन चुकी है।

राजभर ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद बिहार और असम में चुनाव हुए। लेकिन किसी मतदाता ने कोई आपत्ति नहीं जताई और अब तक किसी ने यह नहीं कहा कि उसका वोट गलत तरीके से हटाया गया है।