गाजीपुर में सुखी नहर में मिला युवक का शव, पहचान करवाने में जुटी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियाँ कोतवाली क्षेत्र के असैचन्दपुर गांव में सोमवार उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गई, जब करीब 45 वर्षीय अज्ञात युवक का शव सुखी नहर में संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार, लोगों ने नहर में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की । मृतक के गले पर गहरे निशान, नाक से निकला खून और घटनास्थल पर खून के कोई निशान न मिलना । युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है।
घटनास्थल के पास से शराब की खाली शीशी, सुर्ती और सुर्ती का डिब्बा भी बरामद हुआ है, जिससे यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना से पहले युवक के साथ किसी प्रकार की गतिविधि हुई होगी। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय के मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है।प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए प्रयास जारी हैं और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके।
