गाजीपुर में गैस सिलेंडर के लिए मारामारी, एजेंसी पर उमड़ी भीड़ से घंटों जाम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। गुरुवार को राज नंदनी गैस एजेंसी पर सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए उमड़ पड़े। कई दिनों बाद गैस आने की सूचना पर यह स्थिति बनी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
बजरंग कॉलोनी स्थित एजेंसी कार्यालय के बाहर हालात बिगड़ गए। गैस लेने वालों की लंबी कतारें सड़क तक फैल गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया और जाम लग गया। स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं और स्थानीय लोगों ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब बरेसर में गैस गोदाम उपलब्ध है, तो वहां से वितरण क्यों नहीं किया जा रहा है। कॉलोनी के बीच छोटी गाड़ियों से सिलेंडर लाकर बांटने को अव्यवस्थित और जोखिम भरा बताया गया।
उपभोक्ताओं ने अपनी परेशानी साझा की। अजीत, सुरेश और चंदू जैसे ग्राहकों ने बताया कि कई दिनों से बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि गैस की किल्लत के कारण उन्हें भारी असुविधा हो रही है।
एजेंसी संचालक बाबूलाल रौनियर से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
सप्लाई इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सिलेंडर की आपूर्ति कम होने और मांग अधिक होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
वर्तमान में पुलिस की निगरानी में गैस का वितरण कराया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोग भविष्य में ऐसी अव्यवस्था से बचने के लिए स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
