गाजीपुर में बनेगा नया जंक्शन, पटना-बक्सर जाना होगा आसान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. 2027 में वाराणसी-गाजीपुर-बलिया रेलखंड हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग से जुड़ जाएगा। इससे पटना व बक्सर तक आने-जाने में आसानी होगी। दिलदारनगर से डेढ़ किमी दूर जंक्शन का निर्माण होगा, जिससे गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वाली रेलवे लाइन वहां दो अलग-अलग दिशाओं में बंट जाएगी।
भदौरा से कर्मा तक 11.8 किमी लंबी नई रेल लाइन का निर्माण होगा, जो सीधे दिलदारनगर-ताड़ीघाट-गाजीपुर रेल लाइन से जुड़ जाएगी। जनपदवासियों को पटना, बक्सर और पीडीडीयू जंक्शन तक यात्रा करने के लिए दिलदारनगर और जमानिया रेलवे स्टेशन तक सड़क मार्ग से जाना पड़ता है। वहीं, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद और भांवरकोल क्षेत्र के लोगों को पटना जाने के लिए करीब 18 से 20 किमी की दूरी तय कर बक्सर पहुंचना पड़ता है।
इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों के साथ जंगीपुर, मरदह, बिरनो, सुहवल, रेवतीपुर के लोगों को दिलदारनगर, भदौरा, जमानिया और गहमर स्टेशन तक सड़क मार्ग से जाना पड़ता है। भदौरा से कर्मा तक नई रेलवे लाइन बनने और गाजीपुर-ताड़ीघाट-दिलदारनगर के जुड़ने से आवागमन काफी सुलभ हो जाएगा। दानापुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि इस नई लाइन के बनने के बाद वाराणसी-गाजीपुर-बलिया रेल मार्ग हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग से जुड़ जाएगा, जिससे यात्रा सुगम होगी।
