Today Breaking News

गाजीपुर में DM ने स्कूल चलो अभियान के तहत एस्ट्रो लैब का उद्घाटन; कहा - यह बच्चों के लिए विज्ञान का द्वार है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बीकापुर सदर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में "स्कूल चलो अभियान" के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा और मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद नए बच्चों के नामांकन की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय में स्थापित एस्ट्रो लैब का उद्घाटन रहा। जिलाधिकारी ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह लैब बच्चों के लिए विज्ञान को समझने का एक नया माध्यम है, जिससे वे आकाश, ग्रह-नक्षत्रों और ब्रह्मांड के रहस्यों को जान सकेंगे। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में जोर दिया कि एस्ट्रो लैब केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि 'करके सीखने' की प्रवृत्ति विकसित करने का माध्यम है।

उन्होंने शिक्षकों को लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि यह बच्चों की पढ़ाई का अभिन्न अंग बन सके। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास हर जगह मौजूद है, जिसे प्रयोगों के माध्यम से समझा जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बच्चों को अनुशासन, सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने "निपुण भारत मिशन" के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया और शिक्षा को समाज के समग्र विकास की नींव बताया।
इस दौरान अभिभावकों को भी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाटिकाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।

अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय को "निपुण" बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।