गाजीपुर में भूसा बनाने वाली मशीन पर गिरा चालक, मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शुक्रवार की रात में भूसा बनाने वाली मशीन की चपेट में आकर ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मशीन की चपेट में आने से चालक का दाहिना हाथ और बांया पैर पूरी तरह कटकर अलग-थलग हो गया। जबकि बांये हाथ की कुछ उंगलियां और दाहिना पैर भी घुटना तक कट कर अलग हो गया।
साथी चालक और वाहन मालिक के पहुंचने पर वह ट्रैक्टर से 5 मीटर की दूरी पर अचेत अवस्था में मिला। वाहन मालिक ने तुरंत इसकी सूचना उसके परिजनों को फोन से दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने इसकी सूचना एम्बुलेंस और पुलिस को दी।
चालक को अचेत अवस्था में ही एम्बुलेंस की जरिये लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया। पूरा मामला भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव का है। मृतक चालक की पहचान विमलेश यादव (27) पुत्र घनश्याम यादव के रूप में हुई है। घनश्याम यादव के पांच बच्चे हैं। मृतक 5वें नंबर था। वह घर पर ही रहकर पिता और भाइयों के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटता था। जबकि विमलेश का बड़ा भाई कमलेश चेन्नई में रहकर निजी कंपनी में जॉब करता है। विमलेश शुक्रवार को बगल के पलिया गांव निवासी बब्बन यादव का ट्रैक्टर और भूसा बनाने वाली मशीन चलाने गया था।
वह शुक्रवार की आधी रात में वीरपुर के बंशी मौजा में एक किसान के खेत में भूसा बन रहा था। इस दौरान उसका दूसरा साथी चालक पलिया निवासी दिनेश गोड़ पानी पीने चला गया था। जबकि वाहन मालिक बब्बन यादव दोनों चालक के लिए खाना लाने घर चले गए। इसी दौरान भूसा बनाने वाली मशीन पर विमलेश यादव अनियंत्रित होकर गिरकर चपेट में आ गया। जब साथी दिनेश पानी पीकर लौटा तो ट्रैक्टर के पास विमलेश को अचेत अवस्था में पाया। इसकी सूचना फोन से बब्बन यादव को दी। मौके पर पहुंचे बब्बन ने इसकी जानकारी विमलेश के परिजनों को दी।
घटना की सूचना पर परिजन और पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे। विमलेश का आधा कटा हुआ पैर तो मिल गया। लेकिन कटकर अलग हुए बायां पैर और दाहिना हाथ नहीं मिल सका। घटना की जानकारी पुलिस को देने की साथ ही परिजन विमलेश अचेत अवस्था में ही लेकर जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने विमलेश को मृत घोषित कर दिया। विमलेश की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां लीलावती देवी सहित अन्य महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मृतक विमलेश यादव के शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया। जहां विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इस संबंध में तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
