Today Breaking News

बनारस में देवर ने भाभी को मार डाला, साली से शादी करना चाहता था; पैर काटकर अलग किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में शनिवार को देवर ने भाभी की हत्या कर दी। उसने कुल्हाड़ी से भाभी पर ताबड़तोड़ कई वार किए। काफी देर तक सिर, गर्दन और पैर पर वार करता रहा। इस दौरान भाभी का एक पैर कटकर अलग हो गया। खून से लथपथ भाभी काफी देर तक तड़पती रही। बाद में उसकी मौत हो गई। इस दौरान देवर उसके पास ही बैठा रहा।
चीख-पुकार सुनकर मां मौके पर पहुंची, तो फर्श पर खून ही खून पड़ा था। बहू की लाश के पास छोटा बेटा बैठा था। वो चीख पड़ी। आवाज सुनकर पड़ोसी भी भागकर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देवर को हिरासत में ले लिया। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की है।

पड़ोसियों के मुताबिक, देवर का भाई की शादीशुदा साली से अफेयर था। उससे शादी करना चाहता था, लेकिन भाभी को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। शनिवार को फिर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर देवर ने भाभी को मार डाला। मायके वालों दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

महिला पूनम पटेल (28) मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमिनी गांव की रहने वाली थी। लच्छापुर गांव में 28 जून 2020 को सुजीत कुमार (32) के साथ शादी हुई थी। पूनम घर में सास-ससुर, देवर अजीत पटेल (28) और 5 साल के बेटे के साथ रहती थी। सुजीत वाराणसी के रेलवे कार्यालय में ग्रुप-डी में तैनात है। अजीत का भाभी की बड़ी बहन से अफेयर था। वह चाहता था कि भाभी उसकी शादी करा दें, लेकिन भाभी इसके लिए तैयार नहीं थी। क्योंकि, उसकी बहन पहले शादीशुदा है और देवर बेरोजगार है। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। करीब 2 महीने पहले पुलिस ने शांति भंग की आशंका में उसका चालान भी किया था।

इस बार फिर इसी बात को लेकर अजीत का अपनी भाभी से विवाद हो गया। वह उन्हें गालियां देने लगा। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर अजीत ने कुल्हाड़ी से पूनम पर हमला कर दिया। उसने भाभी के पैर पर इतनी जोर से वार किया कि पैर कटकर अलग हो गया। काफी देर तक खून बहने से उसकी मौत हो गई। सबसे पहले मां ने बहू की लाश देखी और चिल्लाने लगी। चीख सुनकर पिता भी पहुंच गए तो अजीत ने पिता पर भी ईंट से हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को काबू में किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महिला का पति भी घर पहुंचा। वह शव से लिपटकर रोने लगा।

घटना के बाद महिला के बच्चे को उसके ननिहाल पक्ष के लोग अपने साथ लेकर चले गए। पूनम के भाई संदीप का कहना है कि हमें इंसाफ चाहिए। देवर को फांसी हो।

वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरोपी देवर अजीत को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

राजातालाब के एसीपी अजय श्रीवास्तव ने बताया- आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।