गाजीपुर में 9 ट्रांसफार्मर चोरी मामले में SDO दोषी, 2 लाइनमैन बर्खास्त
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बिजली विभाग के एसडीओ प्रमोद यादव को ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में दोषी पाया गया है। इस मामले में दो संविदा लाइनमैन को तत्काल बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
यह मामला जंगीपुर विद्युत वितरण खंड से जुड़ा है, जहां एसडीओ प्रमोद यादव के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र से लगभग 9 ट्रांसफार्मर गायब हो गए थे। इतने बड़े पैमाने पर हुई चोरी की घटनाओं की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं थी।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गाजीपुर दौरे के दौरान महरौर विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आने पर अवर अभियंता धर्मेंद्र पाल को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद ट्रांसफार्मर चोरी के मामले की जांच तेज हुई, जिसमें एसडीओ प्रमोद यादव के साथ दो संविदा लाइनमैन रमेश राम और शिवकुमार की संलिप्तता सामने आई।
मुख्य अभियंता वाराणसी अनिल वर्मा ने बताया कि जांच में संविदा लाइनमैन रमेश राम और शिवकुमार की संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। एसडीओ प्रमोद यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी रिपोर्ट प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, शंभु कुमार को भेज दी गई है।
