Today Breaking News

गाजीपुर में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सुहवल थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिवाला चौराहे के पास ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे 124C पर तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे पवन कुमार सिंह (62) और विमलेश सिंह उर्फ मंटू सिंह (45), निवासी युवराजपुर, उछलकर दूर जा गिरे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को पहले नजदीकी निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद भाग रही स्कॉर्पियो को थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर घेराबंदी कर चालक सहित पकड़ लिया। वाहन को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है।

परिजनों के अनुसार, विमलेश सिंह अपने चाचा पवन कुमार सिंह को बाइक से ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ाने ले जा रहे थे। जैसे ही वे शिवाला चौराहे पर हाईवे पार कर रहे थे, तभी पूरब दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। स्कॉर्पियो और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।