गाजीपुर में ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, नवनिर्मित ओवरब्रिज पर बालू बनी हादसे की वजह
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद मोड़ पर देर शाम एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय बाइक सवार प्रकाश राजभर की मौत हो गई। यह घटना रात 7:20 बजे हुई। हादसा नवनिर्मित ओवरब्रिज पर सड़क पर पड़ी बालू के कारण हुआ, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश राजभर (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय जोगिंदर, अपनी बाइक से उत्तर दिशा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उत्तर दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर नवनिर्मित ओवरब्रिज/पुलिया के पास सड़क पर बालू डाली गई थी। इस बालू के कारण रास्ता अस्थिर हो गया था। बाइक सवार जैसे ही उस बालू पर पहुंचे, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रक की चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क से बालू हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक विवाहित थे।
