Today Breaking News

गाजीपुर में टूरिस्ट बस पलटी, 2 महिलाओं की मौत, कई पहिए के नीचे दबे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक टूरिस्ट बस के बेकाबू होकर पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेकाबू बस डिवाइडर से टकराने के बाद तीन बार पलटी और फिर खड़ी हो गई।
बस के नीचे कई यात्री दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। बस वाराणसी से महाराष्ट्र जा रही थी, जिसमें 50 यात्री सवार थे। सभी यात्री महाराष्ट्र के बुलढाणा और जलगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। मृतकों में से एक महिला की पहचान महाराष्ट्र के बुलढाणा की सरस्वती (70) के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। महाराष्ट्र से 50 टूरिस्ट वाराणसी आए थे। यहां दर्शन-पूजा करने के बाद वे लोग किसी वाहन से नेपाल गए। वहां घूमने के बाद वापस वाराणसी लौटे। गुरुवार को यूपी की एक बस को बुक करके सभी लोग वापस महाराष्ट्र जा रहे थे।

50 लोगों को लेकर बस गुरुवार सुबह वाराणसी से निकली। सुबह करीब 11 बजे बस गाजीपुर के नंदगंज थानाक्षेत्र के नैसारे गांव पहुंची तो अचानक से बस बेकाबू हो गई। अनियंत्रित डिवाइडर से जोर से टकराई और फिर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बार पलटने के बाद बस फिर खड़ा हो गई। उधर, तेज स्पीड से बस के टकराने और पलटने से यात्रियों को गंभीर चोटें आई। बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद असपास के लोग दौड़े हुए पहुंचे।

लोगों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दो महिलाओं की मौत हो चुकी थी। 20 से अधिक लोग घायल थे। घायलों को एंबुलेंस से गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों को मेडिकल कॉलेज लाया, उनको मोर्च्यूरी में रखा गया है। मरने वाली एक महिला की पहचान महाराष्ट्र के बुलढाणा की सरस्वती के रूप में हुई है जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो सकी है।

उधर, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एडीएम दिनेश कुमार और सीएमओ डॉ. सुनील पांडे ने मौके पर पहुंच गए। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बस हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि घायलों का इलाज कराया जा रहा है।