Today Breaking News

गाजीपुर में 11 गोवंश के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। प्रभारी निरीक्षक सादात और उनकी टीम ने रामपुर बुद्धसेन तिराहा पर चेकिंग के दौरान एक टाटा पिकअप वाहन से 11 गोवंश बरामद किए और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बुधवार तड़के करीब 3 बजे की गई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सरमेश यादव उर्फ दीपक यादव (उम्र करीब 25 वर्ष) पुत्र जवाहिर यादव निवासी ग्राम छपरा, थाना खानपुर के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खिदिरगंज बाजार से खानपुर की ओर एक पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक गोवंश लादकर बिहार के रास्ते बंगाल बिक्री के लिए ले जाए जा रहे हैं।

तस्करों ने 10 गायों और एक बछड़े सहित सभी 11 गोवंशों के मुंह और पैर बेरहमी से बांध रखे थे। पुलिस टीम ने सूचना पर विश्वास कर उप निरीक्षक पुनीत कुमार चौकी प्रभारी मखदूमपुर और सहकर्मियों के साथ रामपुर बुद्धसेन तिराहा पर घेराबंदी की। इस दौरान सूरज यादव पुत्र तिलकू यादव निवासी खिदिरगंज और पिकअप वाहन का अज्ञात चालक व उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से टाटा पिकअप वाहन (पंजीयन संख्या-UP65QT9467) और 11 गोवंश बरामद किए। इसके अलावा, गोवंश को बेहोश करने के उपकरण भी मिले, जिनमें छह निडिल, छह सिरिंज, दो छोटे चाकू और चार शीशी दवा (लिक्विड) शामिल हैं। इस संबंध में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त सरमेश यादव को जेल भेज दिया गया है। बरामद गोवंश को चिकित्सीय परीक्षण के बाद सादात कस्बे की गोशाला में देखरेख के लिए सुपुर्द किया गया है। फरार अभियुक्तों सूरज यादव और अज्ञात चालक की तलाश जारी है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव, उप निरीक्षक पुनीत कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल अंबुज कुमार पाल, कांस्टेबल शैलेश सरोज, कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल दुष्यंत कुमार शामिल रहे।