गाजीपुर ट्रेलर हादसे में 5वें दिन दाहिने हाथ का पंजा मिला, चालक का शव पहले ही बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र स्थित हमीद सेतु हादसे में बुधवार को एक नया घटनाक्रम सामने आया। हादसे के पांचवे दिन एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने कडी मशक्कत के बाद गंगा नदी में डूबे ट्रेलर के केबिन से 20 वर्षीय खलासी बिट्ठल गुप्ता के दाहिने हाथ का पंजा बरामद किया।
यह पंजा पीलर संख्या 6-7 के बीच से निकाला गया। पुलिस के अनुसार, खलासी बिट्ठल का शव पूरी तरह से सड़ चुका है और उसे ट्रेलर के केबिन से निकालना संभव नहीं है। बरामद पंजे को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे में ट्रेलर चालक 24 वर्षीय राजन यादव का शव पहले ही रविवार को गंगा नदी के युवराजपुर घाट से बरामद किया जा चुका है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर अभी भी नदी में डूबा हुआ है, जिसे बाहर निकालना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
मृतक खलासी बिट्ठल गुप्ता गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के एकला बाजार का निवासी था। वह अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता संजय गुप्ता स्थानीय स्तर पर चाय और किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह भीषण हादसा बीते शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ था। गाजीपुर की ओर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सब्जी लदी पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि खलासी के शव पूरी तरह से सड चुका है,वह निकाले जाने की स्थिति में नहीं है,उसके दाहिने हाथ का सडा पंजा बरामद हुआ है,जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेंजा गया है।
