गाजीपुर में उधार समोसे न देने पर दुकानदार से मारपीट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के बारा बाजार में मंगलवार शाम एक दुकानदार से मारपीट की गई। उधार समोसे और पकौड़ी न देने पर आरोपी ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घायल दुकानदार की तहरीर पर बुधवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार महेंद्र गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके गांव का शहबाज खां उनकी दुकान पर आया था। शहबाज ने महेंद्र गुप्ता से उधार समोसे और लौंगलता पकौड़ी मांगी। जब महेंद्र गुप्ता ने उधार देने से मना किया, तो शहबाज खां ने उन्हें गाली देना शुरू कर दिया।
गाली-गलौज के बाद शहबाज खां ने महेंद्र गुप्ता को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी ने दुकान में भी तोड़फोड़ की, जिससे काफी नुकसान हुआ।
मारपीट के बाद जाते समय आरोपी शहबाज खां ने महेंद्र गुप्ता को जान से मारने की धमकी भी दी। महेंद्र गुप्ता के शरीर पर कई चोटें आई हैं। उन्होंने गहमर थाने में घटना की सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने पुष्टि की कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
