Today Breaking News

गाजीपुर में अश्लील इशारे करते युवक गिरफ्तार, मामला दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिलाओं को अश्लील इशारे करने और छेड़छाड़ का आरोप है। उसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक राकेश शर्मा और आरक्षी शुभम गहमर थाना तिराहे पर गश्त कर रहे थे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति महिला इंटर कॉलेज और स्टेशन की ओर से आने वाली महिला के आगे-पीछे कई बार आ-जा रहा था। कुछ बच्चियों ने भी उसकी हरकतों के बारे में शिकायत की थी।

पुलिस ने अपने स्तर पर अवलोकन करने के बाद पाया कि वह व्यक्ति महिलाओं पर छींटाकशी कर रहा था और अश्लील इशारे भी कर रहा था। पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की। उसने अपना नाम बृजेश कुमार, पुत्र उमेश चौधरी, निवासी ग्राम नागपुर, थाना राजपुर, जिला बक्सर, बिहार बताया।

महिलाओं के आगे-पीछे बार-बार आने-जाने के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर बृजेश कुमार ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने बताया कि वह 'आशिकी के चक्कर में' ऐसा कर रहा था। उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत अपराध से अवगत कराकर गुरुवार दोपहर 3:20 बजे हिरासत में लिया गया।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत मनचले को हिरासत में लिया गया है और रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।