गाजीपुर में सड़क चौड़ीकरण, विश्वविद्यालय समेत कई विकास प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया विधायक बेदी राम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अधिकांश प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विधायक बेदी राम ने क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और उच्चीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मार्गों का मुद्दा उठाया। इनमें गुरैनी तिराहा–जखनिया मार्ग, शादियाबाद–मौधीया–सैदपुर भीतरी मार्ग, हंसराजपुर तिराहा–जयरामपुर मार्ग, सिंखड़ी बाजार–रामसिंहपुर तिराहा मार्ग और बहरियाबाद तिराहा–पलिवार–रायपुर चौराहा मार्ग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, कुछ ग्राम पंचायतों में नई सड़कों के निर्माण प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिल गई है। विधायक ने बताया कि परेवा–हुरमुजपुर के बीच उदंती नदी पर लघु सेतु एवं पुल निर्माण के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विकास के अन्य आयामों को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनपद में एक विश्वविद्यालय, विकास खंड मनिहारी तथा जखनिया में एक–एक मिनी स्टेडियम और ब्लॉक मनिहारी में राजकीय कृषि इकाई केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा। इन योजनाओं पर भी जल्द प्रगति देखने को मिलेगी। विधायक की यह मुलाकात विधानसभा क्षेत्र में आगामी विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
