गाजीपुर में फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर वसूली करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शादियाबाद पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर दुकानदारों से अवैध वसूली करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। शादियाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देर शाम यह कार्रवाई की।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शादियाबाद में मु०अ०सं० 07/2026 धारा 319(2)/318(4)/338/340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था।
गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त की पहचान सरस कुमार गुप्ता पुत्र रेशम लाल गुप्ता के रूप में हुई है, जो ग्राम सादात, थाना सादात, जनपद गाजीपुर का निवासी है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था, और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।
थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय, हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश चंद्र मौर्या, कांस्टेबल शिवशंकर यादव और कांस्टेबल गुलाब चंद्र की टीम ने आरोपी को ग्राम सराय सादात के पास से पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से चीफ कमिश्नर इनकम टैक्स का एक फर्जी पहचान पत्र और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
