गाजीपुर में हाईटेंशन तार से फसल में लगी आग, कई बीघा गेहूं जलकर राख
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन विद्युत तार से निकली चिंगारी के कारण खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते किसानों की खड़ी फसल जलने लगी। सूचना मिलते ही दर्जनों किसान मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से आग पर काबू पाया।
पीड़ित किसानों, जिनमें चाहत सिंह आदि शामिल हैं, ने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लगी। इस घटना में कई बीघा फसल जलकर राख हो गई।
किसानों ने उच्च अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है। हल्का लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और मौके पर हल्का लेखपाल को भेजा गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
