Today Breaking News

गाजीपुर बस दुर्घटना, केंद्रीय मंत्री के सचिव घायलों से मिले

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में महाराष्ट्र के तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस नंदगंज थाना क्षेत्र के नए सराय गांव के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में 35 लोग घायल हो गए और दो महिलाओं की मौत हो गई। सभी घायलों का इलाज गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
केंद्रीय आयुष, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने घटना की जानकारी मिलने के बाद अपने सहायक निजी सचिव अचल भाटिया और गोपाल डिके को गाजीपुर भेजा। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए थे।

रात करीब 11 बजे, अचल भाटिया और गोपाल डिके गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा से मरीजों को दी जा रही इलाज सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

एपीएस गोपाल डिके ने बताया कि आयुष मंत्री दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय होम्योपैथिक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के कारण गाजीपुर नहीं आ पाए।

गोपाल डिके ने यह भी बताया कि सभी घायलों का गाजीपुर में बेहतर इलाज किया जा रहा है और जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग का पूरा सहयोग मिल रहा है। दुर्घटना में मृत दोनों महिलाओं के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके परिजन कल सुबह तक गाजीपुर पहुंच जाएंगे, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के उपरांत शवों को महाराष्ट्र ले जाने की व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है।