गाजीपुर में जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से हड़कंप, बीडीओ-स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रुका
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को मनिहारी विकासखंड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) समेत कई स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
विकासखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, आईजीआरएस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वेक्षण की फीडिंग की जांच की। खंड विकास अधिकारी मनिहारी अनुशासनहीनता और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी जखनियां को क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए पांच कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ को तीन माह के भीतर विकासखंड परिसर का सौंदर्यीकरण पूरा करने के लिए भी कहा। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान होना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके बाद, जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनिहारी का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष, लैब और अन्य वार्डों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता और दवाओं के स्टॉक की स्थिति की जांच की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएचसी के निरीक्षण में स्टाफ नर्स माधुरी सिंह और चिंता कुशवाहा को छोड़कर सभी डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एमओवाईसी (चिकित्सा अधिकारी प्रभारी) सहित अन्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन तत्काल रोकने का आदेश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अनुपस्थित एमओवाईसी का वेतन रोककर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
