Today Breaking News

गाजीपुर में लाइनमैन की लात-घूसों से पिटाई, थाने में शिकायत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर नगर के वार्ड संख्या 15 सुभाष नगर में बुधवार शाम बिजली विभाग के लाइनमैन कन्हैयालाल को दबंगों ने मामूली बात को लेकर पीट दिया। इस घटना से बिजलीकर्मी आक्रोशित हो उठे। पीड़ित लाइनमैन ने सैदपुर कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी है।
कन्हैयालाल ने बताया कि वे बुधवार शाम उपखंड अधिकारी अजय कुमार, अवर अभियंता दीपक कुमार और लाइनमैन देवेंद्र कुमार के साथ सैदपुर नगर के रानी चौक स्थित 400 केवीए ट्रांसफार्मर के रखरखाव का काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद रोहित बारी, राजू, पप्पू निषाद और सुनील नामक युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। 

लाइनमैन के अनुसार, जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया, तो युवकों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी सरकारी पत्रावली भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद अन्य विद्युत कर्मियों और आम लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित लाइनमैन से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।