Today Breaking News

गाजीपुर DM ने दिए फार्मर रजिस्ट्री में तेजी के निर्देश, 30 अप्रैल तक आईडी बनाने का लक्ष्य

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर आईडी बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार, 30 अप्रैल तक प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी तैयार की जानी है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी तहसीलों और विकास खंडों के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। जिला स्तरीय और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने किसानों से अपील की है कि खरीफ सीजन जल्द शुरू होने वाला है। शासन ने खाद खरीदने के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया है। इसलिए, सभी किसान प्राथमिकता के आधार पर अपनी फार्मर आईडी बनवा लें। जिला प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर रही हैं।

इसी कड़ी में, भदौरा के खंड विकास अधिकारी के.के. सिंह ने विकास खंड के विभिन्न गांवों में आयोजित कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की और कर्मचारियों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।