ग़ाज़ीपुर बीएसए ने 2 प्रधानाध्यापकों का वेतन रोका, एक प्रधानाचार्य को नोटिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपासना रानी वर्मा ने 22 अप्रैल को सादात शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली गंभीर अनियमितताओं के चलते प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर बड़ागांव और प्राथमिक विद्यालय चक सदर के प्रधानाध्यापकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर बड़ागांव के प्रधानाध्यापक हरी चरन यादव का वेतन कई गंभीर अनियमितताओं के कारण रोका गया है।
इनमें मिड डे मील (एमडीएम) में फल और दूध का वितरण न करना, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठकें नियमित रूप से आयोजित न करना, प्रबंध समिति की अनुमति के बिना धनराशि निकालना और विद्यालय का शौचालय ध्वस्त पाया जाना शामिल है।इसी तरह, प्राथमिक विद्यालय चक सदर के प्रधानाध्यापक संजय यादव का वेतन भी अनियमितताओं के चलते रोका गया है।
उनके विद्यालय में एमडीएम में गड़बड़ी, लकड़ी के चूल्हे पर एमडीएम बनाना, स्कूल परिसर में साफ-सफाई का अभाव, बच्चों का निम्न शैक्षणिक स्तर और शिक्षक डायरी का उपलब्ध न होना जैसी कमियां पाई गईं।आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय चकफ़रीद के प्रधानाचार्य को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान उनके विद्यालय में एमडीएम में अनियमितताएँ, परिसर में गड्ढे होना और बच्चों के शैक्षणिक स्तर में कमी पाई गई थी।
