गाजीपुर में खादी ग्रामोद्योग विभाग का बाबू-ड्राइवर 16 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, मैनेजर फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में खादी ग्रामोद्योग विभाग में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने 16 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एक बाबू और एक ड्राइवर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार को हुई और दोनों आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बाबू दीप नारायण सिंह और प्रबंधक के ड्राइवर शहनवाज के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कार्यालय प्रभारी अमिता श्रीवास्तव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गईं। बताया जा रहा है कि यह दूसरी बार है जब वह किसी कार्रवाई के दौरान कार्यालय छोड़कर भागी हैं।
शिकायतकर्ता पुष्पा देवी ने 15 अप्रैल को डेयरी उद्योग के लिए 8 लाख रुपये के ऋण हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि बाबू दीप नारायण सिंह ने ऋण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 2 प्रतिशत कमीशन, यानी 16 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को टीम कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की। बाबू ने शिकायतकर्ता से पैसे लेकर ड्राइवर शहनवाज को देने को कहा। जैसे ही पैसे दिए गए, टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
