गाजीपुर में बच्छलपुर-रामपुर पीपा पुल पर रेत बनी मुसीबत, धंस रहे वाहन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बच्छलपुर-रामपुर पीपा पुल से गंगा पार जाने वाले लोगों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दियारे में बिछाई गई लोहे की चादरों पर रेत जमा हो जाने से आवागमन बाधित हो गया है। हालत यह है कि वाहनों के पहिए रेत में फंस जा रहे हैं और लोगों को भरी दोपहरी में काफी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस पुल के जरिए मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र से जमानियां, सेवराई के गांवों और सीमावर्ती बिहार तक का सफर करीब 40 किलोमीटर कम हो जाता है। करीब ढाई दशक पहले सुगम आवागमन के लिए इस पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। गंगा पार रामपुर की ओर दियारे में रेत अधिक होने के कारण पहले से ही आवागमन चुनौतीपूर्ण रहता है। इसे आसान बनाने के लिए लोहे की प्लेट बिछाकर रास्ता बनाया गया था, लेकिन इन प्लेटों पर रेत जमा होने से स्थिति और खराब हो गई है।
लोक निर्माण विभाग खंड-3 के अवर अभियंता विनोद राणा ने बताया कि समस्या को देखते हुए मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। यदि काम में तेजी रही तो दो दिनों में आवागमन सुचारु होने की उम्मीद है।
