गाजीपुर में डीसीएम ट्रक से टकराई, चालक ने कूदकर बचाई जान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मरदह क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बेलसड़ी गांव के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ से बिहार के बेगूसराय जा रही फर्नीचर लदी एक डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
यह घटना कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव (किमी संख्या 302) के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, डीसीएम चालक सनोज (निवासी तालग्राम, जिला कन्नौज) तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। डीसीएम सीधे आगे जा रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। गनीमत रही कि टक्कर के वक्त चालक सनोज समय रहते वाहन से बाहर कूद गया। इस कारण वह गंभीर रूप से चोटिल होने से बच गया और उसे केवल मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घायल चालक सनोज को उपचार के लिए मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
एक्सप्रेसवे टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया।
