Today Breaking News

गाजीपुर के सैदपुर कोतवाली में 52 नए पुलिसकर्मी तैनात, 2025 भर्ती के बाद मिली तैनाती

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वर्ष 2025 की पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित 6244 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण के बाद अब विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जा रहा है। इसी कड़ी में सैदपुर कोतवाली को 52 नए पुलिसकर्मी मिले हैं, जिनमें 40 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। इस नई तैनाती के बाद सैदपुर कोतवाली में पुलिसकर्मियों की कुल संख्या 133 हो गई है।
अधिकारियों का मानना है कि इन नए पुलिसकर्मियों की तैनाती से क्षेत्र की कानून व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही, पहले से तैनात पुलिसकर्मियों पर काम का बोझ भी कम होगा।

रविवार शाम को अपनी पहली तैनाती पर सैदपुर पहुंचे सभी नए पुलिसकर्मियों का स्वागत किया गया। सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर राजेश कुमार और थाने पर पहले से तैनात महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने सभी का माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।

हालांकि, नए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही कोतवाली परिसर में आवास की समस्या भी सामने आई है। आवास की कमी के कारण पहले से ही कई पुलिसकर्मी किराए के मकान में रह रहे हैं। नए कर्मियों के आने से यह समस्या और बढ़ गई है।

कुछ पुलिसकर्मियों को तो थाना परिसर में आवास उपलब्ध हो गया है, लेकिन कई अन्य को थाने के आसपास किराए के कमरे तलाशने पड़ रहे हैं।