चारधाम से लौटते समय गाजीपुर के दो श्रद्धालुओं की आजमगढ़ में मौत, गाड़ी ट्रेलर से टकराई, दो घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया थाना क्षेत्र के अलीपुर मदरा और बुदानपुर निवासी चारधाम यात्रा से लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा आजमगढ़ में सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। उनकी कार एक ट्रेलर से जा टकराई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अखिलानंद सिंह अपनी पत्नी और भाभी के साथ तथा बुदानपुर निवासी रजनीकांत तिवारी चारधाम दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ के पास उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अखिलानंद सिंह की पत्नी सुनीता सिंह और रजनीकांत तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अखिलानंद सिंह और उनकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
