Today Breaking News

गाजीपुर में मेधावी छात्राएं सम्मानित, यूपी बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला गौरव सम्मान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह गांव में मेधावी छात्राओं को 'गांव गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 7 छात्राओं को दिया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
समाजसेवी/पत्रकार राहुल सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में थानाध्यक्ष मरदह तारावती यादव मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने छात्राओं को माल्यार्पण, अंगवस्त्रम्, स्मृति चिन्ह और मेडल देकर सम्मानित किया, साथ ही उनका हौसला बढ़ाया।

सम्मानित होने वाली छात्राओं में पचोतर नेशनल इंटर कॉलेज मरदह की कक्षा 10वीं की चांदनी प्रजापति शामिल थीं, जिन्होंने 86.16 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में 9वां स्थान प्राप्त किया था। इसी विद्यालय की एलिस चौधरी ने 87.33 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12वीं की छात्रा सुनैना मौर्या ने 84.4 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में तीसरा स्थान हासिल किया।

शिवपूजन सिंह इंटर कॉलेज केलही की कक्षा 12वीं की छात्रा नेहा यादव ने 83.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में तीसरा स्थान हासिल किया था। माता तपेश्वरी इंटर कॉलेज मरदह की कक्षा 12वीं की छात्रा संजना प्रजापति ने 78.8 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं, कक्षा 10वीं की शालिनी मौर्या ने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान और शिवांगी यादव ने 90.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन छात्राओं ने अपने परिजनों और ग्राम सभा का मान बढ़ाया।

मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष तारावती यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत करने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि आज की ये मेधावी छात्राएं आने वाले समय में समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।

प्रीतम कन्नौजिया ने कहा कि प्रतिभाएं किसी अभाव की मोहताज नहीं होतीं। उन्होंने छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। विवेक स्वाधीन ने इस सफलता को जीवन की पहली महत्वपूर्ण सीढ़ी बताया और छात्राओं से आगे और मेहनत कर समाज व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। डॉ. वीरेंद्र कुशवाहा ने भी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।