गाजीपुर के जमानिया तहसील में साइकिल स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया तहसील परिसर में 'साइकिल स्टैंड' के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारी पूरे परिसर में मनमाने ढंग से वाहनों से पैसे वसूल रहे हैं।
इस स्टैंड का न तो कोई तय स्थान है और न ही कोई सीमांकन किया गया है। कर्मचारी परिसर में घूमकर लोगों से जबरन पैसे मांगते हैं।
नियमों के विपरीत, साइकिल स्टैंड के नाम पर बाइक चालकों से भी वसूली की जा रही है। यह पूरी तरह से नियमों का उल्लंघन है। कुछ लोगों को पर्ची दी जाती है, जबकि कई लोगों से बिना रसीद के ही पैसे ले लिए जाते हैं।
विरोध करने पर स्टैंड कर्मचारियों की ओर से अभद्रता और दबंगई की शिकायतें भी सामने आई हैं। तहसील आने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें अपने काम से पहले अवैध उगाही का सामना करना पड़ता है, जिससे वे काफी परेशान हैं।
स्टैंड कर्मचारी बलवंत यादव के अनुसार, साइकिल स्टैंड का ठेका अशोक सिंह के नाम पर 39 हजार 500 रुपए में हुआ है। हालांकि, आरोप है कि इस ठेके की आड़ में नियम-कायदों का उल्लंघन कर अवैध वसूली का आरोप है। एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने इस मामले में जांच कराने की बात कही है।
