गाजीपुर में तारीघाट रेलवे स्टेशन पर फुटओवर-ब्रिज होने के बावजूद पैदल ट्रैक पार कर रहे यात्री, RPF चलाएगा अभियान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. तारीघाट रेलवे स्टेशन पर यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर बेखौफ रेलवे ट्रैक पार करते नजर आ रहे हैं। स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज और बंद क्रॉसिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं मौजूद होने के बावजूद लोग नियमों को दरकिनार कर सीधे पटरियों पर उतर जाते हैं। तस्वीरों में साफ दिखता है कि महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री एक साथ कई ट्रैक पार कर रहे हैं, वह भी तब जब ट्रेनों का आवागमन जारी रहता है। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रही है।
रेलवे प्रशासन की ओर से समय-समय पर चेतावनी जारी किए जाने और सख्त नियम लागू होने के बावजूद जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर लापरवाही के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे लोगों में नियमों का डर खत्म होता जा रहा है।
गौरतलब है कि एक साल में स्टेशन के आसपास अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन से कटकर 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई युवक चलती ट्रेन के पास रील बनाने के दौरान गिरकर घायल भी हुए हैं। इसके बावजूद रेलवे सुरक्षा एजेंसियां ठोस कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही हैं।
वहीं, आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक गणेश राणा ने बताया कि बंद क्रॉसिंग या रेलवे ट्रैक पार करना रेलवे एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
