Today Breaking News

गाजीपुर में अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में जेल भेजा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सैदपुर पुलिस ने बीती रात गश्त के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। युवक को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडे अपने दल के साथ रात्रि गश्त पर थे। देवकली पंप नहर कैनाल के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध 315 बोर का कट्टा और एक 315 बोर का जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

युवक को तुरंत सैदपुर कोतवाली लाया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सैदपुर नगर के वार्ड संख्या चार निवासी फिरोज कुरैशी के रूप में बताई। जांच पूरी होने के बाद फिरोज कुरैशी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडे की इस कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे भविष्य में और भी सफलता मिलने की उम्मीद है।