गाजीपुर में दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेन के आगे युवक ने लगाई छलांग, रेलवे पटरी पर बिखरे चिथड़े
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक युवक ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 10 बजे अप प्लेटफॉर्म पर हुई, जिससे वहां बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर शायर माता मंदिर से पहले मोबाइल पर बात कर रहा था। अचानक वह तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन के आगे कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेलवे पटरी पर पड़े युवक के क्षत-विक्षत शव के टुकड़ों को इकट्ठा किया और उसकी शिनाख्त में जुट गई। तलाशी के दौरान युवक की जेब से पटना से पुणे तक का एक अनारक्षित रेल टिकट मिला। जीआरपी चौकी प्रभारी अश्वनी पटेल ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शव की पहचान के लिए इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि युवक किसी अन्य ट्रेन से दिलदारनगर स्टेशन पर उतरा होगा। शव की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।
