गाजीपुर में करंट लगने से लाइनमैन की मौत, मुआवजे के लिए तीन घंटे हंगामा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ग्राम पंचायत नगवा के मौजा चकबक्सन में रविवार को पोल पर ट्रांसफार्मर चढ़ाते समय अचानक करंट प्रवाहित होने से 25 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन सुड्डू कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव देने से इनकार कर दिया। ग्रामीण करीब तीन घंटे तक हंगामा करते रहे। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
इंदौर गांव निवासी सुड्डू कुमार कासिमाबाद पावर हाउस पर प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जेई श्याम अवध यादव के निर्देश पर उसे नगवा के चकबक्सन में ट्रांसफार्मर पर कार्य के लिए बुलाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि कार्य के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र राव गुड्डू व भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए।
परिजनों ने मुआवजा, जमीन और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि व नायब तहसीलदार देवा कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया।
अधिकारियों ने नियमानुसार मुआवजा और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के बड़े भाई अरविंद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने जेई श्याम अवध यादव, लाइनमैन संजय, सिडाउनकर्ता अजय यादव, फोर्टमैन बृजेश और मुख्तार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक सुड्डू कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता बसंत राम की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। अविवाहित सुड्डू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां कुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी कोतवाल सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
-1777819787311_v.webp)