Today Breaking News

गाजीपुर में में क्षतिग्रस्त पुलिया से युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में एक क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई। बुधवार देर शाम बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया के गड्ढे में गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
भदौरा विकास खंड के सायर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव ने बताया कि सायर गांव निवासी अनुज कुमार राम (22) पुत्र संजय कुमार राम अपने दो साथियों के साथ रिश्ते के चचेरे जीजा के घर हसनपुरा गया था। बुधवार देर शाम वह दोनों साथियों को वहीं छोड़कर बाइक से वापस लौट रहा था।

इसी दौरान, तेज रफ्तार बाइक हसनपुरा गांव के पास क्षतिग्रस्त पुलिया पर अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अनुज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे मऊ ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गुरुवार को परिजन शव लेकर घर पहुंचे, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। मृतक अनुज दो भाइयों में बड़ा था और चेन्नई में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह कुछ दिन पहले ही घर आया था।

ग्रामीणों का कहना है कि हसनपुरा गांव की यह पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है। कई बार शिकायत के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस घटना से क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर असंतोष है।

इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।