Today Breaking News

गाजीपुर में चोरी का डीजल इंजन बरामद, चार आरोपी अवैध असलहे व कार सहित गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बड़ी घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से चोरी का डीजल इंजन, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है।
मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पिपनार गांव स्थित पोखरे के पास एक संदिग्ध कार को रोका गया।

तलाशी लेने पर पुलिस ने कार की पिछली सीट मोड़कर छिपाया गया चोरी का डीजल इंजन बरामद किया। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इशांत सिंह, अनुप सिंह और प्रिंस सिंह (तीनों निवासी खजूरगांव, थाना कासिमाबाद) तथा प्रेम उर्फ आजाद विश्वकर्मा (निवासी थाना मरदह) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया डीजल इंजन, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।

इस धरपकड़ अभियान में उपनिरीक्षक रविंशु पाण्डेय और राजेश कुमार अपनी टीम के साथ शामिल रहे। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें आगे की विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है।